फ्लोरबॉल चैंपियनशिप में जुटेंगे 17 राज्यों के 1200 खिलाड़ी
9 से 11 अक्टूबर तक एमडीयू में होंगे राष्ट्रीय मुकाबले
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 9 से 11 अक्टूबर तक 20वीं राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप-2026 आयोजित होगी। देशभर के करीब 17 राज्यों से लगभग 1200 खिलाड़ी इसमें हिस्सा लेंगे। अंडर-17, जूनियर और सीनियर वर्ग में लड़के-लड़कियों के मुकाबलों के साथ फेडरेशन कप के मैच भी होंगे।
फ्लोरबॉल एसोसिएशन ऑफ हरियाणा के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के ओएसडी गजेंद्र फोगाट ने बताया कि 9 अक्टूबर को खेल मंत्री गौरव गौतम चैंपियनशिप का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी शामिल होंगे। इसके बाद हरियाणवी सांस्कृतिक संध्या में अमित सैनी रोहतकिया, गजेंद्र फोगाट, प्रदीप बूरा और पूजा हुड्डा सहित लोक कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।
देशभर से आने वाले खिलाड़ियों का स्वागत बीन, तुम्बा, ढोल, नगाड़े, चिमटे और खड़ताल जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों से किया जाएगा। 10 अक्टूबर को पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर विजेताओं को पदक प्रदान करेंगे, जबकि 11 अक्टूबर को समापन समारोह में सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी शामिल होंगी।
8 अक्टूबर को डेमो मैच के साथ प्रतियोगिता का शेड्यूल, सोवेनियर और शुभंकर जारी किया जाएगा। सांस्कृतिक संध्या में फ्लोरबॉल थीम गीत की वीडियो भी जारी होगी।

Girish Saini

