मुद्रण प्रौद्योगिकी विभाग का 100 प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित, वीसी ने विद्यार्थियों को सौंपे ऑफर लेटर
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के मुद्रण प्रौद्योगिकी विभाग ने शत-प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित किया है। विभाग के विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतिष्ठित राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। इस उपलक्ष्य में कुलपति कार्यालय में ऑफर लेटर वितरण समारोह आयोजित किया गया। विवि में विद्यार्थियों के अंतिम दिन प्रायोगिक परीक्षा के उपरांत कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने विद्यार्थियों को ऑफर लेटर सौंपे और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि विवि का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप सक्षम बनाना भी है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने ज्ञान, कौशल और कार्यनिष्ठा से संस्थान की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने भी चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी।
विभागाध्यक्षा डॉ. वंदना तथा विभाग के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट समन्वयक डॉ. बिजेन्द्र कौशिक ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, संकाय सदस्यों के मार्गदर्शन तथा उद्योगों के सहयोग को दिया। विभाग के विद्यार्थियों का चयन अनेक प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कनोडिया टेक्नोप्लास्ट में 17 विद्यार्थी, ग्लोबल मल्टी ग्राफिक्स, देहरादून में 8 विद्यार्थी, वीवो में 1, ब्रैडी में 2, अनुपम प्रोडक्ट्स में 2, प्रकाश पाइप्स में 2, डीआईसी इंक्स में 2, पॉपली ग्राफिक्स में 5, यूफ्लेक्स, नोएडा में 1, आईसीआईसीआई बैंक में 1, कॉस्मो फर्स्ट में 1, बकार्डी में 1, लीप डिजी प्रिंट में 1, मनोहर फिलामेंट में 1, जीएलएस फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड में 5 तथा प्रोक्मार्ट प्राइवेट लिमिटेड में 3 विद्यार्थियों का चयन हुआ है।
Girish Saini 


